Responsive Menu
Add more content here...

टाटा जू में बड़ा संकट: संक्रमण से 10 सफेद हिरणों की मौत, हाई अलर्ट जारी

Spread the love

जमशेदपुर।
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में अचानक फैले एक रहस्यमयी संक्रमण ने गंभीर रूप धारण कर लिया है। बीते कुछ दिनों में सफेद हिरणों की लगातार मौत के बाद जू प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, कुल 10 सफेद हिरणों की असामयिक मौत हो चुकी है, जिसके बाद पूरे जू परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए जू प्रबंधन ने एहतियातन पांच अन्य सफेद हिरणों को अलग कर विशेष निगरानी में रखा है। इसके साथ ही जू में मौजूद सभी पालतू और वन्य जीवों पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।

जू प्रशासन ने बताया कि तीन सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सक टीम हर घंटे मॉनिटरिंग कर रही है। किसी भी जानवर में असामान्य लक्षण दिखते ही तत्काल उपचार शुरू किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान है कि मृत हिरणों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर थी, जिसके कारण वे संक्रमण का मुकाबला नहीं कर सके।

हिरणों के शवों के सैंपल जांच के लिए रांची और उड़ीसा स्थित प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण के वास्तविक कारण का पता चल सके। शुरुआती आशंका है कि संक्रमण कौवा, चील या अन्य बाहरी पक्षियों के संपर्क से फैला हो सकता है।

जू डायरेक्टर ने बताया कि स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर परिसर में सैनिटाइजेशन और सफाई गतिविधियों को बढ़ा दिया गया है। बाहर से आने वाले पक्षियों और अन्य जीवों की गतिविधियों पर भी सख्त नजर रखी जा रही है। जू कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जू में अचानक हुए इस वन्यजीव संकट ने पर्यावरण प्रेमियों में भी चिंता बढ़ा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।