जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), 12 जून 2025
जिला उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले की विधि शाखा और सामान्य शाखा के कार्यों की समग्र समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उप विकास आयुक्त श्री अनिकेत सचान की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई।
बैठक में विधि शाखा से जुड़े लंबित न्यायालय मामलों, अनुशासनात्मक कार्रवाई, पंजी-संचिकाओं के संधारण और कार्मिक प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित वादों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने न्यायालय संबंधी मामलों को कंप्यूटरीकृत करने और पीआईएल, रिट, अवमानना जैसी विभिन्न श्रेणियों की फाइलों को पृथक रूप से संधारित करने पर बल दिया।
रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश
सामान्य शाखा की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ पंजी, स्टॉक रजिस्टर आदि सभी आवश्यक रिकॉर्ड को नियमावली के अनुरूप अद्यतन व सुव्यवस्थित रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि राज्य सरकार को भेजे जाने वाले समयबद्ध प्रतिवेदन में कोई विलंब न हो।
पारदर्शिता और समन्वय पर विशेष बल
उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से विभागीय समन्वय, कार्य में पारदर्शिता और नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक गति और जवाबदेही तभी सुनिश्चित हो सकती है जब सभी शाखाएं आपसी तालमेल के साथ काम करें।
बैठक में विधि एवं सामान्य शाखा के प्रभारी श्री चंद्रजीत सिंह समेत अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।