चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), जून 2025
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत माटियाबांधी पंचायत के सीमा क्षेत्र स्थित घाघरा गांव में बीएसएनएल मोबाइल टावर के निर्माण कार्य की शुरुआत होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पहाड़ों और जंगलों से घिरे इस गांव में अबतक मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं थी, जिससे करीब 130 परिवार संचार से पूरी तरह कटे हुए थे।
ज्ञात हो कि घाघरा गांव पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा हुआ एक बीहड़ क्षेत्र है, जहां नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती थीं। बीएसएनएल टावर के निर्माण की पहल पिछले वर्ष हुई थी, लेकिन किसी कारणवश कार्य ठप हो गया था। अब एक बार फिर निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है, जिसे देखकर स्थानीय लोग खासे उत्साहित हैं।
सीमावर्ती गांवों को भी मिलेगा लाभ
बीएसएनएल टावर के चालू होने से न केवल घाघरा, बल्कि पश्चिम बंगाल सीमा से सटे पाकुड़ियाशोल जैसे गांवों को भी नेटवर्क की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्रीय समन्वय और संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
घाघरा के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह और ग्रामीण रामचंद्र सिंह ने कहा कि, “टावर का निर्माण पूर्ण होने के बाद हम सभी को नेटवर्क की सुविधा मिलने लगेगी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और युवाओं को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा।”
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बीएसएनएल अधिकारियों का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि यह टावर जल्द ही चालू हो जाएगा और डिजिटल झारखंड की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।