शिक्षा विभाग ने सभी संबंधितों से की अपील – “नियमावली को लेकर किसी भ्रम में न रहें”
रांची | 12 जून 2025
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा राज्य में JETET (Jharkhand Teacher Eligibility Test) नियमावली 2025 के गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई है। इस दिशा में विभाग ने विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
विभागीय पत्रांक-842 (दिनांक 12 जून 2025) के तहत डॉ. रामदयाल मुण्डा जनजातीय शोध संस्थान, झारखंड अधिविद्य परिषद्, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, JCERT रांची जैसी प्रमुख संस्थाओं को प्रस्तावित नियमावली पर अपने मंतव्य देने को कहा गया है।
इसके अतिरिक्त, पूर्व में पत्रांक-795 (दिनांक 5 जून 2025) के माध्यम से राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधीक्षकों से भी उनके सुझाव आमंत्रित किए गए थे।
नियमावली अभी प्रारूप स्तर पर, अंतिम निर्णय सुझावों के बाद
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया अभी प्रारंभिक चरण में है और नियमावली का यह प्रारूप अंतिम नहीं है। प्राप्त सुझावों का विश्लेषण कर संबंधित प्रक्रियाओं के अनुपालन के पश्चात नियमावली को अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा।
सर्वसाधारण से अपील – “भ्रम में न रहें”
विभाग की ओर से आम नागरिकों और शिक्षकों से यह अपील भी की गई है कि वे नियमावली को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम या आशंका में न रहें। सभी संबंधित पक्षों के सुझावों को गंभीरता से लिया जा रहा है और नियमावली को पारदर्शी व सहभागितापूर्ण प्रक्रिया के तहत अंतिम रूप दिया जाएगा।