नई दिल्ली/जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने शुक्रवार को केंद्रीय खान मंत्री सतीश चंद्र दुबे से नई दिल्ली में औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले विशेषकर मुसाबनी और मऊभंडार क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़ी खनन परियोजनाओं को फिर से चालू कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सांसद विद्युत वरण महतो ने मुसाबनी प्रखंड में स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) की धोबनी, किशनगढ़िया और पाथरगोड़ा खदानों को दोबारा संचालन में लाने का आग्रह किया। साथ ही मऊभंडार स्थित इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स (ICC) के स्मेल्टर प्लांट और रिफाइनरी यूनिट, जो वर्ष 2019 में कच्चे माल की कमी और आर्थिक दिक्कतों के चलते बंद कर दिया गया था, उसके पुनः संचालन की मांग रखी।
सांसद ने कहा कि “घाटशिला के सूरदा माइंस का मंत्री जी ने स्वयं दौरा किया है। पूरा क्षेत्र खनिज संपदा से समृद्ध है और यहां की खदानें देश के लिए तांबे की आपूर्ति सुनिश्चित कर सकती हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर इन परियोजनाओं को फिर से चालू किया जाता है, तो इससे न सिर्फ झारखंड सरकार को राजस्व मिलेगा, बल्कि 15,000 से 20,000 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। साथ ही प्रवासी मजदूरों का पलायन भी रुकेगा।
सांसद महतो ने आश्वस्त किया कि वे क्षेत्रीय विकास और जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आगे भी लगातार प्रयास करते रहेंगे।