Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर पेट्रोल पंप से 30 हजार रुपये लूटे, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर, 6 मई। जमशेदपुर जिला के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना घटी। सुबह करीब 8 बजे तीन अज्ञात अपराधियों ने पंप पर पहुंचकर पिस्टल की नोक पर 30 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों अपराधी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले बाइक में पेट्रोल भरवाया और इसके बाद अचानक बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने पिस्टल निकालकर पंप कर्मियों को डराया-धमकाया। इसके बाद उन्होंने काउंटर से 30 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित कर्मचारियों से पूछताछ की। पंप पर कार्यरत महिला कर्मचारियों ने बताया कि घटना के वक्त वे दोनों ही पंप पर मौजूद थीं। लूट की पूरी वारदात पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने पोटका और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर लूट की यह घटना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।