Responsive Menu
Add more content here...

मुसाबनी की प्रगति पर सवाल! उपायुक्त ने कहा– ज़मीन पर दिखे असली काम”

Spread the love

जमशेदपुर, 4 जून 2025:
पूर्वी सिंहभूम जिले के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में संचालित विकास योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री अनिकेत सचान समेत स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पेयजल, बागवानी, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बीडीओ, सीओ व एमओआईसी शामिल हुए।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट और सख्त संदेश देते हुए कहा कि “फेक रिपोर्टिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने कहा कि जमीनी सच्चाई को छिपाने से योजनाओं में सुधार की संभावना समाप्त हो जाती है और इसका सीधा असर आमजन को मिलने वाले लाभ पर पड़ता है।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, होम डिलीवरी की प्रवृत्ति को रोकने और हर पंचायत में ममता वाहन टैग करने को कहा। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में वीएचएसएनडी कमिटी गठन और पोषण ट्रैकर एप पर नियमित अपडेट की बात कही।

शिक्षा विभाग पर विशेष फोकस:
उपायुक्त ने स्कूल समय में शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक अब किसी भी हालत में स्कूल ऑवर में फाइल लेकर शिक्षा कार्यालय नहीं आएंगे। डीएसई और डीईओ को निर्देश दिया गया कि शिक्षक सिर्फ शैक्षणिक गतिविधियों में ही संलग्न रहें। इंटरमीडिएट परीक्षा में मुसाबनी के 43 विद्यार्थियों के फेल होने पर उपायुक्त ने कंपार्टमेंटल परीक्षा की तैयारी को प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया।

पेयजल, स्वच्छता और समाज कल्याण पर जोर:
उपायुक्त ने सभी सरकारी स्कूलों में नल-जल सुविधा की स्थिति का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट देने की बात कही। साथ ही समाज कल्याण विभाग को सेविकाओं का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, लाभुकों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने और पोषण ट्रैकर एप पर समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।

ओडीएफ प्लस अभियान के तहत खुले में शौच से मुक्त क्षेत्र की दिशा में कार्यपालक अभियंता को 100% लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

अंत में उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना तैयार करें और अगली बैठक में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन ही आकांक्षी प्रखंड की रैंकिंग सुधार सकता है और इसके लिए टीम भावना जरूरी है।