Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: जाहिद अपार्टमेंट में दो फ्लैटों में चोरी, अकेली महिलाओं के घर बने निशाना

Spread the love

जमशेदपुर, मानगो: शहर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित आजादनगर रोड नंबर 3 के जाहिद अपार्टमेंट में रविवार शाम एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 और 401 को निशाना बनाते हुए सोने के गहने और नकद पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार की शाम करीब 6 बजे के आसपास की है, जब दोनों फ्लैटों की महिला निवासी घर पर मौजूद नहीं थीं। फ्लैट नंबर 301 में रहने वाली महिला शाहिस्ता, जो टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में कार्यरत हैं, जब अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटीं, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। वहीं, फ्लैट नंबर 401 में भी उस समय कोई मौजूद नहीं था।

चोरों ने फ्लैट नंबर 402 का ताला तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इस फ्लैट में भी कोई उस समय घर पर नहीं था।

चौंकाने वाली बात यह है कि जाहिद अपार्टमेंट में दो सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं—एक सुबह की ड्यूटी में और दूसरा शाम की—फिर भी चोरी की इस घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है और अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल, चोरी गए सामान की कुल कीमत का आंकलन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।