झारखंड ,रांची : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय सचिव एवं धनवार विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी राजदेश रतन ने सोमवार को राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें डुमरी विधायक एवं पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो को Z श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विधायक जयराम महतो बीते कुछ समय से झारखंड के शोषित, वंचित वर्गों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को पूरी प्रतिबद्धता एवं तीव्रता के साथ उठा रहे हैं। उनकी जनसरोकारों से जुड़ी आवाज़ ने राज्य भर में आम जनता के बीच नई उम्मीदें जगाई हैं।
हालांकि, उनकी सक्रियता से असामाजिक एवं अराजक तत्वों में खलबली मच गई है। हाल के दिनों में कई बार उनके काफिले को रोका गया और वाहनों में तोड़फोड़ की कोशिशें की गईं। इनमें से कुछ घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
राजदेश रतन ने यह भी बताया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजा जा चुका है, जिस पर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि विधायक जयराम महतो की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए उन्हें अतिशीघ्र Z श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जाए, ताकि वे निडर होकर राज्यहित के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।