गुरमा हाट, गोलमुरी, गम्हरिया और चक्रधरपुर में करेंगे जनसभा, युवा जन जागरण यात्रा का हिस्सा
जमशेदपुर, 14 जून –
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुश कुमार महतो 15 जून (रविवार) को एक दिवसीय कोल्हान दौरे पर रहेंगे। इस दौरे को “युवा जन जागरण यात्रा” का नाम दिया गया है, जिसे संगठन द्वारा झारखंड में सामाजिक बदलाव और युवाओं को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।
कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष प्रताप महतो ने जानकारी दी कि इस यात्रा के तहत कुश कुमार महतो पूर्वी सिंहभूम जिले के गुरमा हाट मैदान, जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित खालसा क्लब, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित ऊपरबेड़ा मैदान और पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
कुश कुमार महतो ने कहा कि यह दौरा केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक “क्रांतिकारी जनजागरण यात्रा” है। उनका मानना है कि यह पहल झारखंड के युवाओं में नई ऊर्जा, चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का संचार करेगी। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ राजनीतिक गतिविधि नहीं है, बल्कि झारखंड में एक नए सामाजिक बदलाव की शुरुआत है। हम युवाओं को एकजुट कर एक नई दिशा देना चाहते हैं।”
दौरे के दौरान विभिन्न इलाकों में युवाओं से संवाद, संगठन को मजबूत करने पर चर्चा, और क्षेत्रीय समस्याओं पर आवाज उठाने की रणनीति बनाई जाएगी। संगठन का लक्ष्य है कि झारखंड के ग्रामीण और शहरी युवाओं को जोड़कर एक सशक्त सामाजिक आंदोलन खड़ा किया जाए।