Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के टांगाशोल में दो दिवसीय नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन, कुणाल षाड़ंगी ने की शुरुआत

Spread the love

ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को मिल रहा नया मंच, पहले ही मुकाबले में आरसीबी फैंस क्लब की धमाकेदार जीत

चाकुलिया, 14 जून संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत के टांगाशोल गांव में शनिवार से दो दिवसीय नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता का जोरदार आगाज़ हुआ। एसकेजेजी क्लब के आयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने फीता काट कर और बल्लेबाजी करते हुए किया। उनके साथ पूर्व क्रिकेटर विकास मिश्रा भी मंच पर मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में युवाओं को संबोधित करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि आपसी भाईचारा, शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा, “क्रिकेट मेरे जीवन का हिस्सा रहा है, और आज भी मैदान में वही जोश और

अपनापन महसूस करता हूं।”

कार्यक्रम के दौरान बड़ामारा पंचायत के मैट्रिक टॉपर धनंजय गोप को उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच आरसीबी फैंस क्लब और डुमरिया एकादश के बीच खेला गया। आरसीबी फैंस क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 85 रन बनाए। जवाब में डुमरिया की टीम महज 31 रन पर सिमट गई। इस तरह आरसीबी फैंस क्लब ने 54 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

मैदान पर खेल भावना और ग्रामीण ऊर्जा का जबरदस्त उत्सव देखने को मिला। मौके पर मौजूद क्लब के निदेशक बाबू लाल सोरेन, अध्यक्ष बिक्रम मांडी, सचिव पंचानन सोरेन, कोषाध्यक्ष श्याम चरण सोरेन समेत कई युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

गांव के लोग और युवा इस आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित दिखे और प्रतियोगिता के दूसरे दिन के मुकाबलों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।