राष्ट्रपति ने दी नियुक्ति को मंजूरी, एमएस रामचंद्र राव का तबादला त्रिपुरा हाई कोर्ट
रांची। झारखंड उच्च न्यायालय को अपना नया मुखिया मिल गया है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को झारखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस संबंध में नियुक्ति को स्वीकृति देते हुए सोमवार को अधिसूचना जारी की।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव, जिन्हें सितंबर 2024 में झारखंड हाई कोर्ट की कमान सौंपी गई थी, अब त्रिपुरा हाई कोर्ट में स्थानांतरित किए गए हैं।
कौन हैं जस्टिस तरलोक सिंह चौहान?
- जस्टिस चौहान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिमला में प्राप्त की और पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से कानून की डिग्री हासिल की।
- उन्होंने वर्ष 1989 में हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया।
- वर्ष 2014 में उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और उसी वर्ष वे स्थायी न्यायाधीश बन गए।
- न्यायिक सेवा में उनके 30 वर्षों से अधिक के अनुभव को देखते हुए अब उन्हें झारखंड हाई कोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
न्यायिक क्षेत्र में उनकी सुदृढ़ पकड़ और निष्पक्ष दृष्टिकोण से झारखंड में न्याय प्रक्रिया को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राज्य में प्रशासनिक बदलाव भी जारी
इधर झारखंड सरकार ने कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की अधिसूचना के जरिए प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
- धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को अपने-अपने जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- वहीं अभयनंदन अंबष्ठ को राष्ट्रीय पोषण मिशन के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
इन बदलावों को राज्य प्रशासन में समन्वय और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।