रांची: झारखंड उच्च न्यायालय को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान 23 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित राजभवन में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड हाईकोर्ट की ओर से इस कार्यक्रम को लेकर राजभवन को आधिकारिक पत्र भेजा गया था, जिसके बाद तैयारियों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के झारखंड आने से राज्य न्यायपालिका को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वे इससे पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई कर चुके हैं और न्यायिक सेवा में उनकी निष्पक्षता और अनुभव के लिए उन्हें जाना जाता है।