झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले से एक अजीबोगरीब और दिलचस्प घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोग कह रहे हैं—”ये तो काली माता की लीला है!” दरअसल, यहां के एक काली मंदिर में चोरी की नीयत से घुसा एक चोर वहीँ मंदिर के अंदर सो गया। सुबह उसकी आंख खुली तो सामने पुलिस खड़ी थी।
चोरी के इरादे से मंदिर घुसा था चोर
घटना नोवामुंडी थाना क्षेत्र के एक प्राचीन काली मंदिर की है। रात के अंधेरे में एक युवक चोरी के इरादे से मंदिर में घुसा और मंदिर के अंदर से कुछ सामान समेटने की कोशिश की। लेकिन हैरत की बात यह रही कि चोरी के दौरान ही उसे मंदिर में नींद आ गई और वह यहीं फर्श पर लेटकर सो गया।
मंदिर के पुजारी ने पुलिस को दी सूचना
सुबह जब मंदिर के पुजारी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला हुआ है और एक अजनबी युवक अंदर सो रहा है। पहले तो पुजारी को शक हुआ कि यह कोई साधारण व्यक्ति नहीं है। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि मंदिर की कुछ वस्तुएं भी अस्त-व्यस्त पड़ी हैं। पुजारी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में चोर ने किया जुर्म कबूल
सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह मंदिर में चोरी के इरादे से घुसा था, लेकिन थकान की वजह से वहीं सो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया चमत्कार
स्थानीय लोग इस पूरी घटना को चमत्कार मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह काली मां की ही कृपा है, जो चोर को मंदिर में ही नींद आ गई और वह पकड़ा गया। एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कहा, “यह तो देवी की माया है। जो गलत करेगा, उसे सजा यहीं मिलेगी।”
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे आस्था और न्याय का प्रतीक बता रहे हैं।