Responsive Menu
Add more content here...

स्वास्थ्य मंत्री के बेटे का वायरल वीडियो बना विवाद का कारण, अस्पताल निरीक्षण पर उठे सवाल

Spread the love

रांची।
झारखंड में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बेटे कृष अंसारी का अस्पताल निरीक्षण करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में कृष अंसारी कुछ दोस्तों के साथ अस्पताल के वार्ड में घूमते और मरीजों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति मरीजों से कहता है, “कोई तकलीफ हो तो बताइए, मंत्री जी का बड़ा बेटा आए हैं।”

वीडियो में कृष एक मरीज का बिल देखकर उस पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि “ये चार्ज तो इनवैलिड है।” इतना ही नहीं, वीडियो को कृष अंसारी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया था, हालांकि बाद में उसे हटा लिया गया। बावजूद इसके, वीडियो वायरल हो चुका है और इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रशासनिक कार्यों में गैर-अधिकारिक दखल?

इस वीडियो को लेकर अब सवाल यह उठने लगे हैं कि क्या किसी मंत्री के परिजन को सरकारी संस्थानों का निरीक्षण करने का अधिकार है? क्या यह सरकारी तंत्र में बाहरी दखल का मामला है? स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी इस मामले पर “ऑफ द रिकॉर्ड” बात करते हुए इसे महज एक “शोशेबाज़ी” बता रहे हैं, वहीं कुछ इसे “पारिवारिक सत्ता” के हस्तक्षेप का खतरनाक संकेत मान रहे हैं।

झारखंड के राजनीतिक इतिहास में मंत्रियों के परिजनों द्वारा पर्दे के पीछे से हस्तक्षेप की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह खुले तौर पर निरीक्षण कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शायद पहली बार देखा गया है।

उठते सवाल, मिलते नहीं जवाब

इस पूरे प्रकरण ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:

क्या मंत्री के परिजनों को बिना किसी अधिकारिक जिम्मेदारी के अस्पतालों का निरीक्षण करने की इजाजत है?

क्या यह घटना सरकारी संस्थानों की स्वायत्तता और संवैधानिक नियमों की अवहेलना नहीं है?

राज्य सरकार इस तरह के मामलों को लेकर क्या दिशा-निर्देश तय करेगी?

फिलहाल इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन राजनीतिक और सामाजिक हलकों में यह मुद्दा बहस का विषय बन चुका है।

अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार इस पर क्या रुख अपनाती है — क्या कोई कार्रवाई होगी या यह मामला भी समय के साथ अन्य विवादों की तरह भुला दिया जाएगा?