जमशेदपुर (झारखंड), 24 जुलाई: अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मॉल्स और सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार अग्निशमन विभाग द्वारा यह मॉक ड्रिल साकची सुपर सेंटर, ट्रेंड्स मॉल (साकची), दयालवधवन टावर (जुगसलाई) और ट्रेंड्स मॉल (जुगसलाई) में आयोजित की गई।
फायर ड्रील में दी गई जरूरी जानकारी
इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉल्स के कर्मचारियों और आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया, तथा फायर एक्सटिंग्विशर व अन्य अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी।
मॉक ड्रिल में यह बताया गया कि आपदा की स्थिति में घबराहट से बचना, समय पर प्रतिक्रिया देना और दिशा-निर्देशों का पालन करना कितनी अहम भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण के साथ प्रैक्टिकल अभ्यास भी हुआ
प्रशिक्षण के पश्चात प्रतिभागियों ने स्वयं अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर अभ्यास भी किया। टीम ने रियल-टाइम सिचुएशन की नकल करते हुए रेस्क्यू डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया, जिससे लोगों को बेहतर समझ हो सके।
जागरूकता से बढ़ेगी सुरक्षा
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि इस तरह के मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों की आपदा प्रबंधन क्षमता में सुधार हो सके। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जा सके कि सार्वजनिक स्थानों पर कार्यरत सभी व्यक्ति आपात स्थिति में सतर्क और प्रशिक्षित रहें।
📌 अबुआ खबर की टीम जमशेदपुर में हो रहे जागरूकता अभियानों पर निरंतर नज़र बनाए हुए है।