जमशेदपुर, संवाददाता।
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में बढ़ती टेम्पो चोरी की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। बुधवार को एसएसपी ऑफिस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि वादी मो० फरीद के आवेदन पर दर्ज मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कपाली ओपी अंतर्गत रईस अंसारी के घर छापा मारा, जहां से चोरी के टेम्पो, कई नंबर प्लेट, इंजन पार्ट्स, कटिंग मशीन, टेम्पो हुड और अन्य उपकरण बरामद किए। इसके बाद 26 अगस्त को रईस को गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर तीन चोरी के टेम्पो भी जब्त किए गए।
अनुसंधान में पुलिस ने दो और आरोपियों सौकत अली और असगर उर्फ़ लारिया को चोरी के टेम्पो के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी टेम्पो चोरी कर रईस को सौंपते थे, और रईस गाड़ियों के पार्ट्स बदलकर, पेंट और नकली RC व नंबर प्लेट बनवाकर उन्हें 70-80 हजार रुपये में बेचता था।
पुलिस ने कुल सात चोरी के टेम्पो, 16 नंबर प्लेट, दो RC कार्ड और कई वाहन पार्ट्स जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी:
- मो० रईस, 40 वर्ष, पिता स्व० मो० सुलेमान, पता- गौसनगर, कपाली
- सौकत अली, 27 वर्ष, पिता परवेज़ खान, पता- इस्लामनगर, चांदनी चौक, कपाली
- मो० असगर उर्फ़ लारिया, पिता मो० साबिर अंसारी, पता- ग्रीन वैली, आजादनगर