रांची। संवाददाता:
जिला समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को रांची एटीआई सभागार में हुई। बैठक में सांसदों, विधायकों और अधिकारियों की मौजूदगी के बीच अचानक माहौल गर्मा गया। रांची विधायक सीपी सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा के बीच अतिक्रमण और चालान कार्रवाई को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक सीपी सिंह ने प्रशासन पर चुनिंदा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रांची शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है, लेकिन यह कुछ खास इलाकों तक सीमित है। सीपी सिंह के अनुसार गरीब दुकानदारों पर सख्ती की जाती है—चालान काटा जाता है और सामान जब्त कर लिया जाता है—लेकिन मेन रोड पर बड़े प्रतिष्ठानों और सड़कों पर खड़ी गाड़ियों के खिलाफ शायद ही कोई कार्रवाई होती हो।
उन्होंने खासतौर पर सुजाता चौक से डेली मार्केट तक के क्षेत्र का जिक्र किया, जहां हर समय गाड़ियों की अवैध पार्किंग और फुटपाथ पर अतिक्रमण आम बात है। इसके बावजूद नगर निगम और पुलिस की सक्रियता यहां नजर नहीं आती। इसी मुद्दे पर दिशा की बैठक में विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक और एसएसपी आमने-सामने आ गए।