आदित्यपुर। कुड़मी सेना की ओर से आगामी 7 सितंबर (रविवार) को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में विशाल करम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
कुड़मी सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि करम महोत्सव को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि करम महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति से इस आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
स्थानीय स्तर पर भी लोगों में इस महोत्सव को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति ने आम जनता से इसमें शामिल होकर करम महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।