जमशेदपुर। मानगो के ओलीडीह थाना क्षेत्र में जगदम्बा होटल के पास शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में गोली चलने की घटना को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। इस घटना में 21 वर्षीय बंटी शर्मा को गोली लग गई थी और वह जख्मी हो गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सागर प्रसाद उर्फ पाजी और हीरा यादव को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। सागर प्रसाद उलीडीह थाना क्षेत्र के त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स का निवासी है, जबकि हीरा यादव मानगो के दाई गुट्टू धोबी लाइन का रहने वाला है।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि बंटी को गोली सागर प्रसाद ने मारी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रोड नं.-15, NH-33 के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने हीरा यादव के दाई गुट्टू स्थित घर के बरामदे से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि सागर प्रसाद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में साकची थाना कांड संख्या 105/2023 (आर्म्स एक्ट) में नामजद रह चुका है। फिलहाल मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को स्थानीय सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।