चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) नगर पंचायत प्रशासन पक्का घाट तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जलकुंभी हटाने सहित सफाई कार्य लगातार चला रहा है। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व प्रशासन की इस पहल को विफल करने पर आमादा हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत की टीम दिनभर तालाब से जलकुंभी और गंदगी हटाकर उसे पुराने स्वरूप में लौटाने की कोशिश कर रही है। बावजूद इसके, कुछ लोग रात के अंधेरे में तालाब में कचरा, प्लास्टिक और अनुपयोगी सामग्री फेंक देते हैं। इन गतिविधियों से प्रशासन के सफाई अभियान को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी हरकतों पर नजर रखें और तुरंत सूचना दें। साथ ही चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति तालाब में कचरा फेंकते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।