Responsive Menu
Add more content here...

संयुक्त राष्ट्र में भारत का कड़ा प्रहार, पाकिस्तान के झूठ की खुली पोल

Spread the love

पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब करने की मुहिम में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में भी उसे आड़े हाथों लिया है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने पाकिस्तान की झूठी बातों को तथ्यों के साथ जवाब देते हुए उसे जमकर घेरा।

हरीश ने दो टूक कहा कि सिंधु जल संधि को तब तक स्थगित रखा जाएगा, जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता। यह बयान भारत की ओर से उस वक्त आया, जब पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में जल संधि का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि “जल जीवन है, हथियार नहीं।”

भारत ने पलटवार करते हुए कहा कि 65 वर्षों से यह संधि सद्भाव और भरोसे के साथ निभाई जा रही थी, लेकिन पाकिस्तान ने इन सालों में भारत के खिलाफ तीन युद्ध और हजारों आतंकवादी हमले करके संधि की भावना को ठेस पहुंचाई है।

पर्वतनेनी हरीश ने बताया कि पिछले 40 वर्षों में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की वजह से 20,000 से अधिक भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है, फिर भी भारत ने हमेशा संयम और समझदारी दिखाई। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2012 में जम्मू-कश्मीर की तुलबुल नौवहन परियोजना पर भी पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने हमला किया था।

भारत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद और शांति एक साथ नहीं चल सकते, और पाकिस्तान को अब दोहरा रवैया छोड़ना ही होगा।