संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया, 27 मई: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की मैट्रिक परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया, जिसमें चाकुलिया स्थित आनंद मार्ग विद्यालय ने शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त कर गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।विद्यालय के कुल 41 छात्र-छात्राओं ने इस परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 40 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 1 विद्यार्थी ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। विद्यालय के अक्षत कुमार ने 87% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। चंद्र हांसदा ने 85.80% अंकों के साथ द्वितीय तथा आशिक महतो ने 84.60% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार महतो ने इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।विद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि आने वाले वर्षों में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।