संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया, 27 मई: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की मैट्रिक परीक्षा में चाकुलिया स्थित शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त कर एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष विद्यालय के 48 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 44 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 4 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
विद्यालय के टॉपर रहे विकास महतो और रौनक मंडल ने 90% (450 अंक) अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान साझा किया। विकास महतो ने हिंदी में 89, अंग्रेजी में 89, गणित में 95, विज्ञान में 93 और सामाजिक विज्ञान में 83 अंक प्राप्त किए। वहीं, रौनक मंडल ने हिंदी में 90, अंग्रेजी में 87, गणित में 96, विज्ञान में 89 और सामाजिक विज्ञान में 89 अंक प्राप्त किए।
नरेन दास ने 88.6% (443 अंक) अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान और प्रकाश महतो ने 88.2% (441 अंक) अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के संरक्षक रवि झुनझुनवाला, अध्यक्ष प्रभात कुमार झुनझुनवाला और सचिव अमित भारतीय ने विद्यालय के इस उत्कृष्ट परीक्षाफल पर संतोष व्यक्त किया और सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए विशेष तैयारियां की जाएंगी।
विद्यालय परिवार की इस उपलब्धि पर समस्त क्षेत्रवासियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।