चाकुलिया, 27 मई: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के अथक प्रयासों से चाकुलिया और चाईबासा के यात्रियों के लिए नई ट्रेन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इन दोनों स्थानों के लिए समुचित ट्रेन सेवा की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस संबंध में चाकुलिया और चाईबासा के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से आग्रह किया था, जिसे उन्होंने गंभीरता से लिया और रेलवे महाप्रबंधक से वार्ता की। इसके परिणामस्वरूप रेलवे बोर्ड ने इन दोनों स्थानों के लिए दो नई मेमू ट्रेनों की स्वीकृति प्रदान की है।
प्रस्तावित समयानुसार, टाटानगर से चाकुलिया के लिए मेमू ट्रेन सुबह 11:00 बजे रवाना होगी और 12:45 बजे चाकुलिया पहुंचेगी। यही ट्रेन चाकुलिया से दोपहर 3:00 बजे रवाना होकर शाम 5:00 बजे टाटानगर पहुंचेगी। चाईबासा के लिए प्रस्तावित ट्रेन रात्रि 8:55 बजे टाटानगर से प्रस्थान करेगी और रात्रि 11:00 बजे चाईबासा पहुंचेगी। वही ट्रेन अगले दिन प्रातः 3:20 बजे चाईबासा से रवाना होकर 5:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इन ट्रेनों के परिचालन से चाईबासा से कोलकाता के लिए स्टील एक्सप्रेस एवं अन्य ट्रेनों को पकड़ने में सुविधा होगी।
सांसद महतो ने इस कार्य के लिए रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है और जल्द ही इन दोनों ट्रेन सेवाओं की शुरुआत सांसद द्वारा झंडी दिखाकर की जाएगी।