चाकुलिया। संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया स्टेशन पर टाटानगर जाने वाली नई मेमू ट्रेन के आगमन से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह ट्रेन शुक्रवार को दोपहर 12:55 बजे जैसे ही चाकुलिया स्टेशन पहुंची, वहां मौजूद रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने गर्मजोशी से इसका स्वागत किया।
ट्रेन मैनेजर आरपी चौबे, सीएलआई एन. हलदर, लोको पायलट एके अनल और गोपी नाथ यादव का स्वागत स्टेशन मास्टर टीआर मुर्मू के द्वारा किया गया। इस मौके पर यात्रियों ने ट्रेन के आगमन को ऐतिहासिक बताया और सांसद विद्युत वरण महतो की इस पहल की सराहना की।
यात्री किशोर कुमार ओझा ने बताया कि अब तक चाकुलिया से जमशेदपुर के लिए दोपहर 1:00 बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे खासकर मजदूरों, नौकरीपेशा और यात्रियों को काफी कठिनाई होती थी। चाकुलिया, कोकपाड़ा, धालभूमगढ़, घाटशिला, रखा माइंस, गोविंदपुर, गालुडीह और आसनबनी जैसे इलाकों के लोग टाटानगर पहुंचने के लिए बसों पर निर्भर थे।
अब इस ट्रेन के चलने से वे न केवल जमशेदपुर तक आसानी से पहुंच सकेंगे, बल्कि वहां से पटना, रांची, हजारीबाग जैसे बड़े शहरों की ट्रेनों में समय पर चढ़ने में भी सक्षम होंगे। पहले ट्रेन नहीं होने के कारण कई बार यात्रियों की बसें और कनेक्टिंग ट्रेनों से छूट जाती थीं।
नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि आम यात्रियों और मजदूरों को भी राहत मिलेगी। क्षेत्रीय जनता ने इस पहल के लिए सांसद विद्युत वरण महतो का आभार जताया है।