चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), 6 जून 2025: संवाददाता: रोहन सिंह की रिपोर्ट
बकरीद पर्व को ध्यान में रखते हुए चाकुलिया नगर पंचायत ने स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। नगर प्रशासक के निर्देश पर मुस्लिम बहुल इलाकों में जगह-जगह कंपोस्ट पिट का निर्माण किया जा रहा है।
इस योजना का उद्देश्य बकरीद के दौरान उत्पन्न होने वाले अपशिष्टों को एक ही स्थान पर एकत्र कर निस्तारण करना है, जिससे वातावरण स्वच्छ बना रहे और किसी भी प्रकार की गंदगी या असुविधा से बचा जा सके।
नगर पंचायत प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल सफाई व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आपसी भाईचारे को भी बल मिलेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना करते हुए नगर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
नगर परिषद की विशेष टीम इन कंपोस्ट पिट के निर्माण कार्य की निगरानी कर रही है और लोगों को जागरूक भी कर रही है कि वे अपशिष्ट पदार्थों को इधर-उधर न फेंकें।
नगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई में सहयोग करें और बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में मनाएं।