Responsive Menu
Add more content here...

मानुषमुड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया परिवार कल्याण दिवस, योग्य दंपतियों को दी गई जागरूकता

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानुषमुड़िया में शुक्रवार को परिवार कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीता महतो ने की, जिसमें मानुषमुड़िया और सिजुया गांव के योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार दास ने उपस्थित दंपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि विवाह के दो साल बाद पहला बच्चा और फिर तीन साल के अंतराल पर दूसरा बच्चा हो, तो मां और बच्चे दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दो बच्चों के बाद नसबंदी (बंध्याकरण) एक सुरक्षित और स्थायी उपाय है, जिससे परिवार की आर्थिक और शारीरिक स्थिति बेहतर बनी रहती है।

चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर परिवार कल्याण योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं से लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर योग्य दंपतियों वर्षा साधु, पार्वती गोप, शकुंतला बास्के, रेखा गिरि, अनु कालिंदी, लक्ष्मी कालिंदी और सोनिया मुर्मू को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित हों।

कार्यक्रम में एएनएम सुप्रिया भोल, पापीया भोल, हिमांशु महतो, चिन्मय नायक, प्रशांत मंडल, बसुदेव साव, सहिया शांति मंडल, कृष्णा भोल, मीरा मंडल सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।