चाकुलिया, 13 जून — चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित अग्रसेन भवन में शनिवार को एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर मारवाड़ी महिला समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच संकल्प शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
रक्तदान शिविर का आयोजन स्व. प्रदीप लोधा एवं स्व. प्रवीण लोधा की पुण्य स्मृति में सरिता लोधा एवं गोपी कृष्णा के सौजन्य से किया जाएगा। आयोजन 14 जून को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
मारवाड़ी महिला समिति की सदस्य रीता लोधा ने जानकारी देते हुए बताया कि “यह रक्तदान शिविर सेवा भाव से प्रेरित है। रक्त की आवश्यकता पड़ने पर समय पर रक्त मिलना कई बार जीवन रक्षक सिद्ध होता है। ऐसे में लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।”
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान शिविर को सफल बनाने की अपील की। समिति का उद्देश्य न केवल रक्त संग्रह करना है, बल्कि लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता भी फैलाना है।