बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा): बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया पंचायत स्थित चंद्रपुर प्राथमिक विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए असमाजिक तत्वों ने तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) चुरा लिया। यह घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पुरुषोत्तम भोल ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे विद्यालय पहुंचे तो तड़ित चालक की चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत शिक्षा विभाग और बडशोल थाना को इस संबंध में सूचित किया।
गौरतलब है कि झारखंड शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में वज्रपात से सुरक्षा के लिए तड़ित चालक लगाए गए थे, ताकि विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखा जा सके। लेकिन हाल के दिनों में विभिन्न स्कूलों में तार और यंत्र चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इस मामले को लेकर पंचायत की मुखिया विधान चंद्र मांडी ने चिंता व्यक्त की और बडशोल थाना से रात के समय गश्ती वाहन द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे उपकरणों की सुरक्षा नहीं की गई तो न केवल सरकारी संसाधनों की बर्बादी होगी बल्कि छात्रों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।