देवघर | 6 जुलाई 2025
देवघर में आस्था का सबसे बड़ा पर्व श्रावणी मेला अब बस कुछ ही दिनों की दूरी पर है। 11 जुलाई से शुरू होने वाले इस मासव्यापी धार्मिक आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन कई जरूरी कार्य अब भी अधूरे हैं। बताया जा रहा है कि मेले का औपचारिक उद्घाटन 10 जुलाई को संभावित है।
कांवरियों की सुविधा सर्वोपरि
हर साल की तरह इस बार भी देवघर जिला प्रशासन कांवरियों के लिए विशेष इंतजाम कर रहा है। 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर सुलतानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम तक आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, सफाई, बिजली और सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बालू बिछाने का कार्य अंतिम चरण में
श्रद्धालुओं की पैदल यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए गंगा के बालू को काँवरिया पथ पर मखमल की तरह बिछाया जा रहा है, जिससे नंगे पांव चलने वाले काँवरियों को कोई परेशानी न हो। यह कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

“टेंट सिटी” में होगा 15 हजार कांवरियों का ठहराव
देवघर में विशाल टेंट सिटी का निर्माण भी अंतिम चरण में है, जिसमें लगभग 15,000 काँवरियों के लिए आवास, भोजन, बिजली, पानी, शौचालय, स्नानघर, चिकित्सा सुविधा, और मनोरंजन के लिए टीवी तक की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है।

सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
प्रशासन द्वारा बताया गया है कि श्रावणी मेला को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए हर संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से मेले पर निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें, सहयोग करें, और किसी भी असुविधा या संदेह की स्थिति में तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।