Responsive Menu
Add more content here...

बड़ा रेल हादसा टला: आरा–सासाराम पैसेंजर ट्रेन से टकराया ट्रैक्टर, यात्रियों में दहशत

Spread the love

आरा।
आरा से सासाराम की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 63369 मंगलवार को एक गंभीर दुर्घटना का शिकार होते-होते रह गई। रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन की एक ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर ट्रेन के इंजन में फंस गया और ट्रेन उसे करीब 500 मीटर तक अपने साथ घसीटती चली गई। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई और ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक बिना सावधानी बरते रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही पैसेंजर ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही यात्रियों में भय का माहौल बन गया और कई लोग अपनी सीट छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। अधिकारी और कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और इंजन में फंसे ट्रैक्टर को हटाने का कार्य शुरू किया। ट्रैक को सुरक्षित करने में समय लगने के कारण इस रेलखंड पर कुछ देर तक ट्रेन परिचालन प्रभावित रहा।

काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर रेलवे ट्रैक की जांच की गई। सब कुछ सामान्य पाए जाने पर रेल यातायात को दोबारा शुरू कर दिया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।