बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-49 पर उड़ीसा बॉर्डर के समीप जामशोला के पास से अवैध रूप से बालू लदे दो हाईवा को स्थानीय प्रशासन ने जप्त कर थाना परिसर में खड़ा किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई।
जप्त किए गए हाईवा की पहचान क्रमशः जेएच 01 बीएम 7096 और जेएच 06 सी 7163 के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा दोनों वाहनों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा एवं थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि,
“क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी कई हाईवा जब्त किए जा चुके हैं, और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”
प्रशासन की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है कि इस प्रकार के गैरकानूनी कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।