Responsive Menu
Add more content here...

भारी बारिश में दबा रांगुनिया-बाघाकुली पुलिया, ग्रामीणों को नुकसान, विधायक समीर महंती ने किया निरीक्षण

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा):
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बहुलिया पंचायत के रांगुनिया गांव को बाघाकुली गांव से जोड़ने वाली पुलिया भारी बारिश के कारण दब गई है। पुलिया की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है और किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। इससे जहां ग्रामीणों की आवाजाही बाधित हो रही है, वहीं बाढ़ के चलते सैकड़ों एकड़ में फैली सब्जी की खेती भी पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। इससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार की शाम क्षेत्रीय विधायक समीर महंती ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ ग्रामीण कार्य विभाग विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंताओं की एक टीम भी मौजूद थी।

जल्द बनेगा डीपीआर, निर्माण की होगी पहल:

निरीक्षण के दौरान विधायक समीर महंती ने अधिकारियों को जल्द डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पुलिया के निर्माण को लेकर वे विभागीय सचिव और मंत्री से संपर्क कर स्वीकृति दिलाने की दिशा में पहल करेंगे, ताकि जल्द से जल्द ग्रामीणों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता:

पुलिया के ध्वस्त होने से ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। कई ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, लेकिन किसी ने इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। अब बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है।

मौके पर मौजूद लोग:

निरीक्षण के दौरान असित मिश्रा, निमाई पैड़ा, सुभाष दलाई, बिस्वजीत ओझा, यदुपति राणा, सीमंतो भुइयां और स्वपन सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग की।