बहरागोड़ा। संवाददाता (एन. बेरा)
बहरागोड़ा महाविद्यालय को मिली शैक्षणिक सफलता पर कॉलेज परिसर में सोमवार को पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अर्जुन पूर्ति ने प्राचार्य डॉ. बालकृष्ण बेहरा से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
यह भेंट महाविद्यालय में हाल ही में स्नातकोत्तर (पीजी) अंग्रेजी की कक्षाओं की औपचारिक शुरुआत, इग्नू सेंटर कोड की स्वीकृति और ऑटोनोमस कॉलेज बनने की दिशा में उठाए गए सकारात्मक कदमों की उपलब्धि को लेकर की गई।
अर्जुन पूर्ति ने कॉलेज प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्राचार्य डॉ. बेहरा के नेतृत्व में बीते कुछ वर्षों में बहरागोड़ा महाविद्यालय ने शैक्षणिक और आधारभूत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि “आज बहरागोड़ा कॉलेज अपनी पहचान एक उभरते हुए उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में बना रहा है, जिसका श्रेय निश्चय ही प्राचार्य और उनकी टीम की मेहनत को जाता है।”
मुलाकात के दौरान अर्जुन पूर्ति और उनके समर्थकों ने कॉलेज में चल रहे विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में बहरागोड़ा कॉलेज झारखंड के सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थानों में अपना स्थान बनाएगा।
इस अवसर पर पूर्व छात्र नेता राजीब गिरी, बापकू महतो, चन्दन संतरा, नन्दलाल गिरी, भोलानाथ भोल, शुभम भोल, चिरंजीव बारीक, भगवान महतो एवं संजय महतो उपस्थित थे। सभी ने प्राचार्य डॉ. बेहरा को बधाई देते हुए महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।