बहरागोड़ा। संवाददाता (एन. बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के एनएच-49 किनारे स्थित बैद्यनाथ पैलेस परिसर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और जिला अध्यक्ष विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से गुलदस्ता और अंगवस्त्र ओढ़ाकर किया गया। वहीं, भाजपा महिला नेत्री कृष्णा पाल के पुत्र सुभोदीप पाल ने बाबूलाल मरांडी का हाथ से बनाया गया पोर्ट्रेट चित्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को विस्तार से समझाते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारत को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है — ऐसा भारत जो अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बाहरी देशों पर निर्भर न रहे, बल्कि अपने स्थानीय संसाधनों, कौशल और उद्योगों का अधिकतम उपयोग करे।
मरांडी ने जनता और कार्यकर्ताओं से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हमें स्वभाषा और स्वभूषा के साथ स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना चाहिए। जब तक हम अपने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा नहीं देंगे, तब तक 2047 तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।” उन्होंने छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी का प्रयोग विकसित भारत की दिशा में सबसे अहम कदम है। उन्होंने कहा, “विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करके ही हम अपने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं। आज पहले की तुलना में देश में गोला-बारूद से लेकर औषधियों तक का उत्पादन स्वदेशी स्तर पर हो रहा है।”
उन्होंने भाजपा की ओर से आने वाली दीपावली पर स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने की अपील की और दुकानदारों से ‘स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हैं’ बोर्ड लगाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि “पर्व-त्योहारों में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग ही आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ है।”
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता सुमन कल्याण मंडल ने किया। मौके पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रंजीत बाला, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीबत्स घोष, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ज्योत्स्ना मयी बेरा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर, भक्ति श्री पांडा, कृष्णा पाल, काजल महाकुड़, शिवशंकर माइती, ननिगोपाल घोष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।