जमशेदपुर। आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में दाखिल कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
नामांकन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने जिला मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,56,262 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 300 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष रूप से दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए सुगम वोटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इच्छुक मतदाता आवेदन देकर डाक मतपत्र (postal ballot) की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसके तहत प्रशासन की टीमों द्वारा राजनीतिक बैनर, पोस्टर और विज्ञापन हटाए जा चुके हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अब तक आचार संहिता उल्लंघन का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे क्षेत्रों में प्रशासनिक समन्वय किया गया है। दोनों राज्यों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमाओं को सील करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, पूरे घाटशिला क्षेत्र में 18 चेक पोस्ट बनाए गए हैं जहाँ आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।