बहरागोड़ा।संवाददाता
बहरागोड़ा बाजार स्थित पीके घोष मेमोरियल क्लीनिक के सुप्रसिद्ध चिकित्सक स्व. डॉ. संदीप घोष की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. घोष की धर्मपत्नी संपा घोष एवं जमशेदपुर (MGM) ब्लड बैंक की मेडिकल टीम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। शिविर के दौरान सेवा की भावना दिखाते हुए कुल 42 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसे ब्लड बैंक की टीम ने परीक्षण के बाद सुरक्षित किया। श्रीमती घोष ने स्वयं सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ा दान (महादान) बताया और अपील की कि जीवन बचाने के इस नेक कार्य में समाज को हमेशा अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। इस पुनीत अभियान में रिंकू माईती, समीर मन्ना, ऋषिकेश दास, बेणेश्वर महतो, देव मंडल, मीता माईती, बाबली पाण्डेय, लिली पाण्डेय और जुली महंती समेत कई गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर डॉ. घोष को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।