चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित डाक बंगला परिसर में आगामी 23 जनवरी से 31 जनवरी तक नौ दिवसीय नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।
नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी कर रही आयोजन
यह महोत्सव नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के मुख्य संरक्षक एवं बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और यादगार होगा।
नामचीन कलाकार होंगे मुख्य आकर्षण
इस वर्ष गूंज महोत्सव में मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां अपनी प्रस्तुति देंगी।
23 जनवरी को प्रसिद्ध बांग्ला अभिनेत्री नुसरत जहां,

25 जनवरी को भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह,

28 जनवरी को मशहूर बॉलीवुड गायक अल्ताफ राजा अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

इन कलाकारों की घोषणा के बाद महोत्सव को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से सोसाइटी द्वारा कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें
‘सारेगामापा म्यूजिक मुकाबला’, ‘डांस झारखंड डांस’, ‘लिटिल चैंप्स ऑफ डांस’ और ‘नच बलिए’ प्रमुख हैं।
ऑडिशन की तिथियां घोषित
इन प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न शहरों में ऑडिशन की तिथियां तय कर दी गई हैं।
11 जनवरी को झाड़ग्राम के बिग बैंग टाउन हॉल और जादूगोड़ा की यूसिल कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर में ऑडिशन होंगे।
18 जनवरी को घाटशिला के केके रेसिडेंसी और जमशेदपुर के साकची स्थित बसंत टॉकीज के पास ऑडिशन लिए जाएंगे।
21 जनवरी को चाकुलिया में होगा अंतिम ऑडिशन
ऑडिशन प्रक्रिया का समापन 21 जनवरी को चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित अग्रसेन भवन में किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को गूंज महोत्सव के मुख्य मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।