चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह):
चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित डाकबंगला परिसर में नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में 23 जनवरी से 31 जनवरी तक 21वां नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में खेल, शिक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग श्रृंखला देखने को मिलेगी।
23 जनवरी को नेताजी की जयंती से होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 23 जनवरी को सुबह 11 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसी दिन पुष्प, कृषि एवं हस्तकला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा तथा दोपहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। उद्घाटन संध्या में बांग्ला सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री नुसरत जहां अपने गीत-संगीत से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
24 जनवरी: खेलकूद फाइनल और ‘डांस के लिटिल चैंप्स’
महोत्सव के दूसरे दिन क्रिकेट और फुटबॉल के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर में बैडमिंटन प्रतियोगिता और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं, शाम को ‘डांस के लिटिल चैंप्स’ का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
25 जनवरी: खेल प्रतियोगिताएं और अक्षरा सिंह की प्रस्तुति
25 जनवरी को मैराथन दौड़, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस दिन की सांस्कृतिक संध्या भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह के नाम रहेगी।
26 जनवरी: गणतंत्र दिवस पर झुमुर की विशेष प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह ध्वजारोहण के बाद चित्रांकन प्रतियोगिता और ‘कौन बनेगा लखपति’ जैसे रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को मलय और पिंकी महतो द्वारा ‘झुमुर देशेर झुमुर’ की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
27–28 जनवरी: संगीत मुकाबला और अल्ताफ राजा की गायकी
27 जनवरी को एथलेटिक्स, कबड्डी और विज्ञान प्रदर्शनी के साथ शाम में ‘सारेगामापा म्यूजिक मुकाबला’ आयोजित होगा। 28 जनवरी को साइकिल रेस, सामान्य ज्ञान और कैरम प्रतियोगिता के बाद बॉलीवुड के मशहूर गायक अल्ताफ राजा अपनी गायकी से समां बांधेंगे।
29–30 जनवरी: डांस और क्विज प्रतियोगिताएं
29 जनवरी को वयस्कों के लिए स्पीड वॉकिंग और शतरंज प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम में ‘डांस झारखंड डांस’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 30 जनवरी को विद्यार्थियों के लिए मैथ क्विज और ग्रुप डांस प्रतियोगिता ‘नच बलिए’ दर्शकों को आकर्षित करेगी।
31 जनवरी को संथाली ऑर्केस्ट्रा के साथ होगा समापन
महोत्सव के अंतिम दिन 31 जनवरी को मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान में सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन कुमार सावन एवं निर्मला एंड टीम द्वारा प्रस्तुत संथाली ऑर्केस्ट्रा के साथ होगा।