गुड़ाबांदा।
गुड़ाबांदा प्रखंड में बुधवार देर रात हाथियों के एक झुंड ने किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। मुढ़ाकाटी पंचायत अंतर्गत कुमड़शोल टोला जामशोल में हाथियों ने खेतों में घुसकर फुलगोभी की तैयार फसल को नष्ट कर दिया।
सिंचाई व्यवस्था भी हुई क्षतिग्रस्त
हाथियों ने फसल के साथ-साथ सिंचाई के लिए लगाए गए पानी की टंकी और पाइपलाइन को भी तोड़ दिया, जिससे किसानों को अतिरिक्त नुकसान झेलना पड़ा।
पैरों के निशानों से हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि
किसानों के अनुसार, खेतों में हाथियों के पैरों के निशान पाए गए, जिससे हाथियों के आने की जानकारी मिली। निशानों से यह भी स्पष्ट हुआ कि झुंड में एक बड़ा हाथी और उसके साथ छोटे हाथी भी शामिल थे।
किसानों को 20 हजार से अधिक का नुकसान
इस घटना में किसान सोमराय सोरेन और मधूसुदन सोरेन को करीब 20 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और हाथियों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।