जमशेदपुर।
परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहाल इलाके में चोरों ने कांग्रेस के पश्चिमी कालीमाटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक की कपड़ा दुकान ‘एसके फैशन गारमेंट्स’ को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
रात 2:30 बजे शटर का ताला तोड़कर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2:30 बजे चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत कपड़ों की चोरी कर ली। चोरी के दौरान चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बगल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह ऊपर की ओर मोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज में कैमरा हिलाते दिखे चोर
सीसीटीवी फुटेज में कैमरे को हिलाते हुए साफ देखा जा सकता है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने जानबूझकर निगरानी से बचने की कोशिश की।
सुबह दुकान खोलने पर सामने आई चोरी की जानकारी
सुबह जब दुकानदार ताहिर मलिक दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने शटर का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
30 से 40 हजार रुपये के कपड़े और नकदी चोरी
दुकानदार के अनुसार, चोर लगभग 30 से 40 हजार रुपये मूल्य के कपड़े और कुछ नकद राशि लेकर फरार हो गए। इस संबंध में ताहिर मलिक ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।\

पुलिस जांच में जुटी, कांग्रेस नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है।