Responsive Menu
Add more content here...

बागबेड़ा में बड़ी चोरी: बंद घर से छत काटकर करीब 15 लाख की संपत्ति गायब

Spread the love

बागबेड़ा थाना क्षेत्र के पूर्वी घाघडीह पंचायत अंतर्गत मां तारानी कॉलोनी (रोड नंबर-2) में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए छत की टीन शीट काटकर अंदर प्रवेश किया और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के मालिक गौरांग मंडल अपने परिवार के साथ घाटशिला के सुरदा गांव में श्राद्ध कर्म के लिए गए हुए थे। हाल ही में उनके पिता का निधन हुआ था, जिसके बाद पूरा परिवार अंतिम संस्कार और श्राद्ध की तैयारियों में व्यस्त था। इसी दौरान चोरों ने खाली घर का फायदा उठाया।

Read More : जमशेदपुर में 11-12 अप्रैल को राष्ट्रीय मागे महोत्सव

बताया गया कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। छत काटने के बाद वे घर के भीतर दाखिल हुए और हर कमरे की बारीकी से तलाशी ली। अलमारी, लॉकर, बेड और सोफे तक को तोड़कर सामान खंगाला गया।

चोर नकद 1.5 लाख रुपये के साथ सोने की चेन, कान के आभूषण, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति समेत कीमती जेवरात ले उड़े। इसके अलावा घर में रखे व्यवसायिक सामान को भी नहीं छोड़ा गया। चोरों ने बड़ी मात्रा में पैक साड़ियां, नए जींस पैंट और अन्य कपड़े भी चोरी कर लिए।

परिवार को घटना की जानकारी तब मिली जब वे वापस लौटे और मुख्य दरवाजे का ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कुंडी बंद थी। छत के रास्ते अंदर जाने पर घर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *