बहरागोड़ा। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत माटिहाना स्थित एनएच-49 फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बहुलिया पंचायत के धनाडाही गांव निवासी 26 वर्षीय चंदन खामराई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंदन एक स्थानीय होटल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और शुक्रवार को वह बाइक से बहरागोड़ा की ओर जा रहा था।
Read More : बरसोल थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा, एक की मौत, कई घायल
इसी दौरान माटिहाना फ्लाईओवर पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सौभाग्य से उस समय पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद और एनएचएआई द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।