बहरागोड़ा। संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बालिकुड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को भारत रत्न B. R. Ambedkar की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
Read More: बहरागोड़ा में अंबेडकर जयंती पर सीपीआई(एम) का जोरदार संकल्प, संविधान की रक्षा का आह्वान
कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य स्वतंत्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। वे एक महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे, जिन्होंने समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के प्रसार के लिए आजीवन संघर्ष किया।
उन्होंने विशेष रूप से दलितों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जिसके चलते उनका योगदान आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उनके महान कार्यों के सम्मान में भारत सरकार द्वारा वर्ष 1990 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी, जिनमें मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार, सुजाता महंता, कृष्णा विश्वास, प्रिया प्रियदर्शनी, स्वीटी शामल, सीमा कुमारी और छोटे लाल कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।