बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विभिन्न विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-संगीत और श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया।
मानुषमुड़िया मध्य विद्यालय परिसर में झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति के तत्वावधान में भव्य रवीन्द्र जयंती समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अश्वनी कुमार साधु ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत समिति सदस्य शुभ्रा महापात्र और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाचार्य छोटा भुजंग टुडू मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कबीगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की तस्वीर से सजे वाहन के साथ ग्राम भ्रमण से हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में रोमा वाला, सावित्री भोल और सागरिका घटवारी ने रवीन्द्र संगीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं गौरब भोल एवं उनकी टीम ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

इस दौरान वक्ताओं ने टैगोर के जीवन, साहित्य और शिक्षा के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन चंडी चरण साधु और दीपांकर महापात्र ने संयुक्त रूप से किया।
Read More : विशेष रिपोर्ट (भाग–6) चाकुलिया रेंज: “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में रोपित पौधों की भी रक्षा नहीं कर सका वन विभाग: माताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को लगा झटका
इधर,m टीएस डीएवी पब्लिक स्कूल बहरागोड़ा में भी रवीन्द्रनाथ टैगोर जयंती के साथ मदर्स डे सेलिब्रेशन और “किचन क्वीन” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध शेफ एवं दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित डॉ. प्रिया गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने समूह गीत, कविता पाठ, नृत्य और एकल प्रस्तुति के जरिए सभी का मन मोह लिया। मदर्स डे के अवसर पर छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। वहीं “किचन क्वीन” प्रतियोगिता में माताओं ने फायरलेस कुकिंग के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में श्रद्धा सुमन, ऐश्वर्या आनंद और राया बाला को सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी चुना गया।
कार्यक्रम में बिन्नी षडंगी, सोनू दे, नीलिमा करण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय की प्राचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कृति, रचनात्मकता और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।

वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षडंगी ने भी अपने आवासीय कार्यालय में रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई। उन्होंने टैगोर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।