Responsive Menu
Add more content here...

BIG BREAKING :- बहरागोड़ा में फिर संदिग्ध बम मिलने से सनसनी, स्वर्णरेखा नदी किनारे दिखी सिलेंडरनुमा वस्तु

Spread the love

बहरागोड़ा संवाददाता निलेश बेरा
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में एक बार फिर संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में बुधवार देर शाम स्वर्णरेखा नदी के किनारे ग्रामीणों की नजर एक सिलेंडरनुमा वस्तु पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि बरामद वस्तु के बम होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की राय के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

हालांकि, इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि बीते दिनों भी इसी क्षेत्र में इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 17 मार्च को पानीपाड़ा गांव के पास नदी किनारे एक संदिग्ध बम मिला था, जबकि 24 मार्च को भी द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकी बम बरामद हुआ था। उस समय सेना और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे निष्क्रिय किया गया था।

Read More : स्वर्णरेखा नदी में मिला बम सेना ने किया निष्क्रिय, समय रहते टला बड़ा हादसा

लगातार इस तरह की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग अपने-अपने स्तर पर सतर्कता बरत रहे हैं और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को छूने या उसके पास जाने से बचें और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *