बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरण के उद्देश्य से 22 मार्च 2026 को भव्य ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
काली संघ मैदान में हुई तैयारी बैठक
सम्मेलन की रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को काली संघ मैदान में अरधेन्दु प्रहराज की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सम्मेलन का आयोजन नेताजी सुभाष शिशु उद्यान के समीप स्थित शाखा मैदान में किया जाएगा।
कलश यात्रा और वैदिक अनुष्ठान होंगे आकर्षण
आयोजन समिति के अनुसार, विभिन्न गांवों से श्रद्धालु कलश यात्रा निकालते हुए सम्मेलन स्थल तक पहुंचेंगे। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रतिष्ठित संतों के प्रवचन और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।
प्रसाद वितरण की होगी व्यवस्था
सम्मेलन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए दोपहर के प्रसाद की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रामकृष्ण धड़ा (पीरु) को संयोजक तथा अपूर्व सुंदर दास (अपु) को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।