चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चाकुलिया–धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर मुटूरखाम गांव के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन ने बाइक (संख्या JH 05 BT 8580) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मानिक महता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
झाड़ग्राम निवासी था मृतक
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के जामबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत केन्दुआ गांव निवासी मानिक महता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने गांव से बाइक से जमशेदपुर स्थित ससुराल जा रहा था।
पुलिस ने पहुंचकर की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार एवं एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अवस्था में पड़े युवक को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच में जुट गई है।