बहरागोड़ा: आम लोगों को त्वरित राहत देने और भूमि संबंधी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बरसोल थाना परिसर में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत भूमि समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी भूमि संबंधी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
सुनवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात विस्तार से सुनी तथा आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया। जिन मामलों का मौके पर निपटारा संभव नहीं हो सका, उनमें नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाने का आश्वासन दिया गया।
Read More: बहरागोड़ा के बेनाशोली काजू जंगल में एक सप्ताह से डटा हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत
अधिकारियों ने कहा कि भूमि विवाद अक्सर बड़े तनाव और कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बन जाते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार का विवाद या कानून अपने हाथ में लेने के बजाय प्रशासन और पुलिस की सहायता लेकर कानूनी एवं शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि भूमि समाधान दिवस जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर समय रहते निपटारा करना है, ताकि अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचा जा सके और समाज में आपसी सौहार्द बना रहे।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी, अंचल कार्यालय के प्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, राजस्व कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे भूमि विवादों के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।